FLEX FUEL CONVERSION KIT | 20 हजार में बदलेगी आपकी पेट्रोल कार!

रायपुर। क्या आपकी पुरानी BS4 या BS6 पेट्रोल कार भविष्य में E85 या E100 जैसे हाई इथेनॉल फ्यूल पर चल पाएगी? इसका जवाब अब ‘हां’ की तरफ बढ़ता दिख रहा है। एक नई कन्वर्जन किट करोड़ों वाहन मालिकों के लिए बड़ी राहत बन सकती है।
भारत पहले ही E20 ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर चुका है और अब E100 फ्यूल को भी कानूनी मंजूरी मिल चुकी है। हाल ही में दिल्ली में E85 फ्यूल लॉन्च किया गया है, जिसके बाद पुराने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई थी।
इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के मुताबिक BS4 और BS6 कारों के लिए एक फ्लेक्स-फ्यूल कन्वर्जन किट तैयार की गई है, जिसकी टेस्टिंग काफी सफल रही है। IIT दिल्ली ने इस किट को अलग-अलग इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल के साथ करीब 5,000 किलोमीटर तक टेस्ट किया और कोई बड़ी तकनीकी समस्या सामने नहीं आई।
सबसे बड़ी बात यह है कि अगर इस किट का स्थानीय स्तर पर उत्पादन शुरू होता है तो इसकी कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये तक हो सकती है। यानी नई फ्लेक्स-फ्यूल कार खरीदने के बजाय पुरानी कार को ही नए फ्यूल के हिसाब से अपग्रेड किया जा सकेगा।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इथेनॉल की एनर्जी डेंसिटी कम होने की वजह से माइलेज में 4 से 5 फीसदी तक कमी आ सकती है, लेकिन इसकी भरपाई सस्ते फ्यूल और बेहतर ऑक्टेन रेटिंग से हो सकती है। फिलहाल इस किट की रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है और नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है।


