POLITICS | कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद पर CG के कितने नेताओं की लगेगी लॉटरी?

रायपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। देशभर से युवा, सक्रिय और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियां देने के लिए इंटरव्यू किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय सचिव पद के लिए देशभर के 140 नेताओं को बुलाया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ से पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया समेत 6 नेताओं को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। राहुल गांधी और संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल इन नेताओं से सीधे चर्चा कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से प्रदेश महासचिव दीपक मिश्रा, सुबोध हरितवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कोको पाढ़ी समेत नेताओं ने इंटरव्यू दिया है। दीपक मिश्रा और नरेश ठाकुर का इंटरव्यू 9 सितंबर को हुआ, जबकि सुबोध हरितवाल का इंटरव्यू 14 सितंबर को हुआ। बिलासपुर संभाग से एक आदिवासी युवा नेता के भी इंटरव्यू देने की जानकारी सामने आई है।
पार्टी में चर्चा है कि छत्तीसगढ़ से 2 से 3 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। फिलहाल देवेंद्र यादव राष्ट्रीय सचिव हैं। इससे पहले राजेश तिवारी और विकास उपाध्याय भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
कांग्रेस संगठन में करीब दो साल पहले गठित राष्ट्रीय टीम के कामकाज की समीक्षा भी की जा रही है। चर्चा है कि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को आगे बढ़ाया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले नेताओं को हटाया जा सकता है और करीब 50 फीसदी नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में सिफारिश या लॉबिंग के बजाय नेताओं की सक्रियता और पिछली जिम्मेदारियों में प्रदर्शन को आधार बनाया जा रहा है। इंटरव्यू के बाद नेताओं को पूरी प्रक्रिया गोपनीय रखने की हिदायत भी दी गई है।



