MAHASAMUND COPY CASE | 5 कर्मचारियों को चार्जशीट, हाईकोर्ट ने मांगी अगली प्रोग्रेस रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान हुए सामूहिक नकल मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने हाईकोर्ट में शपथपत्र पेश कर बताया कि जांच के बाद 4 शिक्षकों और एक चपरासी समेत 5 कर्मचारियों को चार्जशीट जारी कर दी गई है। अब सभी से तय समय सीमा में जवाब मांगा गया है, जिसके बाद विभागीय जांच आगे बढ़ेगी।
हाईकोर्ट में पेश किया शपथपत्र
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रविन्द्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ के समक्ष स्कूल शिक्षा सचिव ने व्यक्तिगत शपथपत्र प्रस्तुत किया। इसमें बताया गया कि मामले की जांच के बाद लेक्चरर गंगा प्रसाद पटेल, अनिरुद्ध आलोक भोई, दिनेश कुमार दास, सहायक शिक्षक (एलबी) दुर्गा प्रसाद पटेल और चपरासी विजिया बुडेक के खिलाफ चार्जशीट जारी की गई है।
जवाब के बाद आगे बढ़ेगी विभागीय जांच
शिक्षा विभाग ने कोर्ट को बताया कि सभी आरोपियों को निर्धारित समय में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब मिलने के बाद विभागीय जांच नियमानुसार आगे बढ़ेगी। यदि जांच में सभी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट ने फिर मांगी प्रोग्रेस रिपोर्ट
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि स्कूल शिक्षा सचिव अगली सुनवाई में एक और व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल करें। इसमें विभागीय जांच की प्रगति, अब तक की गई कार्रवाई और यदि जांच पूरी हो जाए तो अंतिम आदेश की प्रति भी पेश की जाए। मामले की अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को होगी।



