छत्तीसगढ़

CM Sai Sushasan Tihar: छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ बना जनसेवा का सेतु, योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक

CM Sai Sushasan Tihar: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ सुशासन तिहार आम जनता और शासन के बीच सेतु बनकर उभरा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य...

21, April, 2025 | रायपुर। CM Sai Sushasan Tihar: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ सुशासन तिहार आम जनता और शासन के बीच सेतु बनकर उभरा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य है—जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना।

महासमुंद में त्वरित कार्रवाई से जनता को मिली राहत
महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की निगरानी में सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों की शिकायतों का रिकॉर्ड समय में समाधान किया गया। वार्ड क्रमांक 25 की दीपा साहू ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत आवेदन किया था। पात्रता की पुष्टि के बाद उन्हें 20,000 रुपये की स्वीकृति मिली, जो 1 मई को सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। यह सहायता राशि उनकी शिक्षा में सहायक होगी। दीपा का सपना है कि वह शिक्षिका बनें और समाज को नई दिशा दें।

24 घंटे में सुलझी आयुष्मान कार्ड की समस्या
पिथौरा विकासखंड के ग्राम जंघोरा निवासी मनोहर सिंह पटेल तकनीकी कारणों से आयुष्मान भारत योजना का कार्ड नहीं बनवा पाए थे। उन्होंने सुशासन शिविर में अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसे मात्र 24 घंटे में निपटा दिया गया। अब उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का अधिकार मिला है।

महतारी वंदन योजना का लाभ अब सीधे खातों में
सरायपाली के ग्राम राफेल की आसनी निषाद ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना की कोई किस्त नहीं मिली है। जांच में पाया गया कि उनका आधार कार्ड इनएक्टिव था, जिससे भुगतान अटका हुआ था। सुशासन शिविर में आधार अपडेट करवाने के बाद अब उन्हें डीबीटी के माध्यम से राशि मिलने लगी है।

किसानों को मिला स्पष्ट जवाब, योजनाओं में बढ़ा भरोसा
सिमगांव की किसान उषा बाई चौहान ने शिकायत की थी कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त नहीं मिल रही है। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह राशि उनके पोस्ट ऑफिस खाते में पहले से जमा हो रही थी। इसी प्रकार छह अन्य किसानों की भी शिकायतों का समाधान किया गया।

जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हुआ
सुशासन तिहार की सबसे बड़ी सफलता यही है कि यह मंच सिर्फ योजनाओं के प्रचार तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर वास्तविक समाधान देने वाला साबित हो रहा है। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इससे न सिर्फ सरकारी योजनाओं पर आमजन का भरोसा बढ़ा है, बल्कि शासन और जनता के बीच भरोसे और संवाद का पुल भी मजबूत हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button