Chhattisgarh Cabinet Meeting: आज होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, मुख्य सचिव की नियुक्ति से लेकर किसानों के मुद्दों पर लिए जाएंगे बड़े फैसले
Chhattisgarh Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज, 30 जून को छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित...
रायपुर। Chhattisgarh Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज, 30 जून को छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में दोपहर 12 बजे शुरू होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है, जिनमें मुख्य रूप से नए मुख्य सचिव की नियुक्ति, किसानों से जुड़ी योजनाएं और मानसून सत्र की तैयारियां शामिल हैं।
मुख्य सचिव की नियुक्ति पर हो सकता है बड़ा फैसला
कैबिनेट की बैठक में सबसे बड़ा एजेंडा नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर हो सकता है, क्योंकि वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद नए मुख्य सचिव के नाम पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
इस रेस में एसीएस सुब्रत साहू और एसीएस मनोज पिंगुआ प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इनमें से किसी एक को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया जा सकता है।
किसानों और मानसून सत्र से जुड़ी तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में आगामी मानसून सत्र की रणनीति, विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्ताव और किसानों को लेकर सरकार की नीतियों पर भी विस्तार से विचार किया जाएगा। खासकर खरीफ सीजन की तैयारियों और कृषि से जुड़ी नई योजनाओं पर कुछ अहम घोषणाएं हो सकती हैं।
इन प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी
-
नए मुख्य सचिव की नियुक्ति
-
मानसून सत्र की रूपरेखा और एजेंडा तय करना
-
किसानों के लिए अनाज खरीद नीति या सब्सिडी संबंधी प्रस्ताव
-
कृषि यंत्र, बीज वितरण और समर्थन मूल्य नीति पर निर्णय
राजनीतिक हलचल भी तेज
मुख्यमंत्री साय की इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल के दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार और प्रशासनिक फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बैठक में सिर्फ प्रशासनिक फैसले होते हैं या कोई राजनीतिक संकेत भी मिलते हैं।
कैबिनेट बैठक के बाद सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणाएं की जाएंगी। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट से किसे बड़ी जिम्मेदारी मिलती है और प्रदेश के किसानों के लिए कौन सी नई राहत योजना आती है।



