CGBSE Topper 2025: 10वीं में इशिका बाला और नमन कुमार ने किया टॉप, 12वीं में श्रुति मंगतानी रहीं प्रथम
CGBSE Topper 2025: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बुधवार को दोपहर 3 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम..
रायपुर। CGBSE Topper 2025: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बुधवार को दोपहर 3 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 3,28,522 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जबकि 12वीं की परीक्षा में 2,40,356 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कक्षा 10वीं में इस बार 76% विद्यार्थी सफल हुए हैं। वहीं, 12वीं का परिणाम इससे भी बेहतर रहा, जहां 81.87% परीक्षार्थी पास हुए हैं। यह प्रदर्शन राज्य के शिक्षा स्तर में निरंतर सुधार को दर्शाता है।
10वीं कक्षा में गुंडाधुर शासकीय हाईस्कूल, कांकेर की छात्रा इशिका बाला और आत्मानंद विद्यालय, जशपुर के छात्र नमन कुमार खुंटिया ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों ने ही 99.17% अंक प्राप्त किए हैं, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक हैं।
वहीं, 12वीं कक्षा में मनेंद्रगढ़ जिले की छात्रा श्रुति मंगतानी ने 97.40% अंक हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
बोर्ड ने सभी छात्र-छात्राओं के लिए रिजल्ट ऑनलाइन देखने की सुविधा उपलब्ध कराई है। परीक्षार्थी अपने अंक https://cgbse.nic.in वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
परिणामों की औपचारिक घोषणा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के मुख्यालय पहुंचकर की। उन्होंने बोर्ड की वेबसाइट पर क्लिक कर रिजल्ट जारी किया और इसके बाद अधिकारियों व उपस्थित जनों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज का दिन प्रदेश के लाखों बेटा-बेटियों की मेहनत का फल है। यह क्षण सौभाग्य का है। मैं सभी विद्यार्थियों को, उनके माता-पिता को और माध्यमिक शिक्षा मंडल को इस सफलता के लिए बधाई देता हूं।”



