CG PARENTS SUICIDE | पेड़ पर साथ लटके मिले मां-बाप, बेटे की मौत का गम ..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत के गम को माता-पिता बर्दाश्त नहीं कर पाए और दोनों ने एक साथ फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह घर के पास पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उनके इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। बेटे की असमय मौत के बाद से ही दंपति गहरे सदमे में थे और लगातार मानसिक तनाव में रह रहे थे।
सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर जब पेड़ पर लटके दोनों शवों पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में बेटे की मौत के सदमे को ही इस आत्मघाती कदम की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
एक ही परिवार में कुछ ही दिनों के भीतर तीन मौतों ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।



