छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, IAS मनोज पिंगुआ बने नोडल अधिकारी
छत्तीसगढ़ में आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की शुरुआत हो गई है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की शुरुआत हो गई है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ को इस जनगणना कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जनगणना को लेकर भारत सरकार की अधिसूचना 16 जून 2025 को राजपत्र में प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद राज्य स्तर पर इसकी प्रक्रिया को गति देने का काम शुरू किया गया है। उसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन ने गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मनोज पिंगुआ जनगणना से जुड़ी सभी गतिविधियों का राज्य स्तरीय समन्वय देखेंगे। वे जनगणना कार्यों की निगरानी और दिशा-निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस संबंध में जिला स्तर पर भी तैयारियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
गौरतलब है कि जनगणना भारत में हर दस साल में एक बार की जाती है, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2021 की जनगणना स्थगित कर दी गई थी। अब केंद्र सरकार द्वारा 2027 में अगली जनगणना कराए जाने की अधिसूचना जारी की गई है, जिससे राज्यों में प्रशासनिक कवायद शुरू हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ में जनगणना एक बड़ा आयोजन होगा, जिसमें लाखों की संख्या में कर्मचारी, शिक्षक और सरकारी अमला शामिल होगा। नोडल अधिकारी की नियुक्ति के बाद अब इस दिशा में व्यवस्थित और समयबद्ध योजना बनाए जाने की प्रक्रिया तेज़ हो जाएगी।



