CG SCHOOL STUNT VIDEO | रील के चक्कर में जानलेवा स्टंट, प्राचार्य–शिक्षक मूकदर्शक?

बिलासपुर, 6 फरवरी 2026। जिले के सकर्रा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में विदाई समारोह के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में छात्र स्कूल परिसर के अंदर कार और ट्रैक्टर लेकर स्टंट करते दिख रहे हैं। तेज रफ्तार में किए जा रहे इन स्टंट्स के दौरान कार और ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, विदाई समारोह के नाम पर स्कूल में जश्न का माहौल था। इसी बीच कुछ छात्र वाहनों के साथ परिसर में घुस आए और रील बनाने के लिए खतरनाक करतब दिखाने लगे। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में दौड़ाए जा रहे थे। टक्कर के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि स्टंटबाजी के दौरान प्राचार्य और कुछ शिक्षक मौके पर मौजूद थे, लेकिन समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया। यदि वाहन भीड़ की ओर मुड़ जाते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। सवाल उठ रहे हैं कि स्कूल परिसर में वाहनों की एंट्री कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं थी।
मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना ने स्कूलों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।



