छत्तीसगढ़राजनीती

हमारी सरकार बनी तो दस दिन में किसानों का कर्जा माफ : राहुल

हर जिले में खोलेंगे फूड प्रोसेसिंग प्लॉट | पेसा कानून का सख्ती से पालन कराएंगे | पत्रकार सेना से कम नहीं, अपना महत्व समझें

रायपुर। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा- छत्तीसगढ़ के किसान दिल से सुनें। छत्तीसगढ़ में यदि हमारी सरकार बनती है तो दस दिनों के भीतर किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा- अगर ये वादा पूरा हुआ, तो कोई तोहफा नहीं होगा, आपका हक होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से कहा था मेरे पीएम बनने से पहले हिन्दुस्तान सो रहा था। सच तो यह है इस देश का किसान सुबह 5 बजे खेत में जाकर मेहनत करता है। वह सोए नहीं रहता। कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों एवं युवाओं का सपना पूरा करेगी। किसानों को हर कदम पर मदद मिलेगी। चाहे खाद की बात हो या पानी की या फिर बिजली की। यूपीए की सरकार थी तब किसानों का 70 हजार करोड़ कर्ज माफ किया गया था। मुझे लगता है ज्यादा करना था। 80 से 85 हजार करोड़ माफ करना था। कांग्रेस की सरकार बनी तो हर जिले में बीस किलोमीटर के दायरे में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का काम करेगी। इससे छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं को काम मिलेगा। आज देश में चिकित्सा सुविधा बेहद महंगी है। बड़े आपरेशन में 5 से 10 लाख तक लग जाते हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ का पैसा छत्तीसगढ़ के अस्पतालों में जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में भी खूब काम करेंगे। हम चाहते हैं छत्तीसगढ़ के किसान के बेटे-बेटियां इंजीनियर बनें, डॉक्टर बनें। 15 साल में छत्तीसगढ़ में खूब भ्रष्टाचार हुआ। आदिवासियों की जमीनें छिन ली गईं। हमारी सरकार बनी तो पेसा कानून का सख्ती से पालन कराएंगे। यदि आदिवासी की जमीन लेंगे तो पूछकर लेंगे और उन्हें उसकी चार गुना ज्यादा कीमत मिलेगी।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में मीडिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- प्रेस का काम सच्चाई को सामने लाना होता है। हिन्दुस्तान से 35 हजार करोड़ लेकर भागने वाला मेहुल चौकसी केन्द्रीय वित्त मंत्री की बेटी के बैंक अकाउंट में पैसा डालता है। सारे सबूत के साथ आज दिल्ली में हमारी पार्टी के नेता सचिन पायलट एवं सुष्मिता देव ने प्रेस कांफ्रेंस ली। देश के किसी भी बड़े मीडिया हाउस ने इस खबर को सामने नहीं आने दिया। छत्तीसगढ़ गरीब नहीं अमीर प्रदेश है। यहां का पैसा छीना जाता है। 5-10 उद्योगपति आपका धन छिनने में लगे हुए हैं। मीडिया के लोगों को डरा-धमकाकर रखा गया है। प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ आते हैं तो एक महिला के साथ बातचीत करते हैं। महिला से पूछते हैं आपकी आमदनी बढ़ी। वह कहती है दुगनी हो गई। बाद में कोई प्रेस वाला उस महिला से मिला और पूछा कि क्या वाकई आमदनी दुगनी हो गई। उस महिला ने कहा दिल्ली से अफसर आए थे। उन्होंने जैसा कहने को कहा मैंने कह दिया। बाद में उस पत्रकार को नौकरी से निकाल दिया गया। पत्रकार सेना से कम नहीं। वे अपना महत्व समझें। सेना से जुड़ा सैनिक सरहद में रहते हुए अपना कर्तव्य निभाता है। मीडिया से जुड़े लोगों का काम सच्चाई की रक्षा करना है। सबसे बड़े प्रेस हाउस ने सच्चाई की रक्षा नहीं की।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए सरकार के समय में 526 करोड़ में 126 हवाई जहाज खरीदने का सौदा दूसरे देश से हुआ था। मोदी सरकार आने के बाद इसकी खरीदी 1600 करोड़ में हो रही है। इस काम में प्रधानमंत्री ने उस अनिल अंबानी को जोड़ा जिसने अपने जीवन में कागज का भी जहाज नहीं बनाया होगा। ये वो अनिल अंबानी हैं जो 45 हजार करोड़ पब्लिक सेक्टर से ले रखे हैं, लेकिन लौटाने का नाम ही नहीं लेते। पार्लियामेंट में मैंनै हवाई जहाज खरीदी पर प्रधानमंत्री से सवाल भी किया, जिसका जवाब वे नहीं दे पाए। मेहुल चौकसी, नीरव मोदी एवं विजय माल्या जैसे लोग हजारों करोड़ का घपलाकर देश से भाग निकलते हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है।
मंच पर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव पी.एल. पुनिया के अलावा वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, अरविंद नेताम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव, सांसद ताम्रध्वज साहू, डॉ. चरणदास महंत, रविन्द्र चौबे, धनेन्द्र साहू,
सत्यनारायण शर्मा, श्रीमती करूणा शुक्ला, मोहम्मद अकबर, बोधराम कंवर एवं डॉ. शिव कुमार डहरिया मौजूद थे। सभा का संचालन कांग्रेस विधायक दल के सचिव राजेश तिवारी एवं आभार प्रदर्शन महापौर प्रमोद दुबे ने किया।
पैराशूट पहनकर उतरने
वालों को टिकट नहीं
राहुल गांधी ने कहा कि पैराशूट पहनकर जो अभी-अभी उतरे हैं पार्टी उन्हें टिकट नहीं देगी। वही कैंडिडेट लड़ेंगे जो जमीनी स्तर पर काम करते रहे हैं। भाजपा और आरएसएस वालों को दिखा दो कि कांग्रेस तोड़ने नहीं जोड़ने का काम करती है।

Related Articles

Back to top button