Congress Protest: युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन आज से, चार चरणों में होगा विरोध प्रदर्शन
Congress Protest: छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण नीति के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस आज से प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर रही है, जो चार चरणों...
05, June, 2025 | रायपुर। Congress Protest: छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण नीति के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस आज से प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर रही है, जो चार चरणों में आयोजित होगा। पार्टी का कहना है कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर प्रदेश सरकार 10,463 स्कूलों को बंद करने जा रही है, जिससे लाखों बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। इसी के विरोध में कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी।
7 जून तक जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस
आंदोलन के पहले चरण में 4 से 7 जून तक सभी जिलों में कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। इन प्रेस कॉन्फ्रेंसों के जरिए कांग्रेस जनता को युक्तियुक्तकरण के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देगी और सरकार पर हमला बोलेगी। पार्टी का कहना है कि बीजेपी सरकार शिक्षा के क्षेत्र को लगातार नुकसान पहुंचा रही है।
9 से 11 जून: BEO दफ्तरों का घेराव
दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ता 9, 10 और 11 जून को प्रदेश के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालयों का घेराव करेंगे। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस इकाइयां विरोध प्रदर्शन करेंगी और सरकार के फैसले को वापस लेने की मांग रखेंगी।
तीसरा चरण: DEO दफ्तर तक यात्रा और घेराव
आंदोलन के तीसरे चरण में कांग्रेस जिले स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय तक विरोध यात्राएं निकालेगी। ये यात्राएं 3 से 5 किलोमीटर लंबी होंगी, जिनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक, पूर्व मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इस चरण में कांग्रेस का लक्ष्य है कि वह ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जनता को युक्तियुक्तकरण की असलियत से अवगत कराए।
अंतिम चरण: स्कूल बंदी के विरोध में प्रदेशभर में अभियान
आंदोलन के अंतिम चरण में कांग्रेस पूरे प्रदेश में 10,463 स्कूलों की संभावित बंदी का विरोध करेगी। पार्टी का आरोप है कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने में लगी हुई है। गांव-गांव में चल रहे प्राथमिक और मिडिल स्कूलों को बंद कर छात्रों को दूर-दराज भेजने की योजना ग्रामीण शिक्षा को खत्म कर देगी।
दीपक बैज का सरकार पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि युक्तियुकरण के नाम पर सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस करना चाहती है। उन्होंने कहा, “हमारी लड़ाई शिक्षा बचाने की है। सरकार का ये कदम गरीब और ग्रामीण बच्चों को शिक्षा से वंचित करने वाला है, जिसे कांग्रेस किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।”
कांग्रेस का यह आंदोलन आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को गर्मा सकता है। एक ओर सरकार अपने निर्णय को ‘सुव्यवस्थित स्कूलिंग सिस्टम’ का हिस्सा बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे शिक्षा विरोधी कदम करार दे रही है। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह चरणबद्ध आंदोलन सरकार पर कितना दबाव बना पाता है।



