chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG GANJA SEIZED | कार्टूनों के नीचे छिपा था 6 क्विंटल गांजा…

 

महासमुंद. महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा वार करते हुए 3 करोड़ रुपए कीमत का 6 क्विंटल गांजा जब्त किया है। तस्कर इतने शातिर थे कि गांजे को मशीनरी सामान के बड़े-बड़े कार्टूनों के नीचे छिपाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक टाटा माजदा वाहन में भारी मात्रा में गांजा भेजा जा रहा है। इसके बाद सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में चेकिंग लगाई गई। जांच के दौरान वाहन रोककर तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी चौंक गई।

वाहन में रखे मशीनरी सामान के नीचे और पीछे 24 बोरियां छिपाई गई थीं। हर बोरी में 25-25 किलो गांजा भरा हुआ था। कुल 600 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से महाराष्ट्र के ठाणे ले जाया जा रहा था। पुलिस का मानना है कि इस पूरे खेल में एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क शामिल है, जिसकी कड़ियां अब खंगाली जा रही हैं।

खास बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में महासमुंद पुलिस लगातार बड़े-बड़े गांजा तस्करी मामलों का खुलासा कर चुकी है। कभी एंबुलेंस तो कभी पिकअप वाहन, अब मशीनरी के कार्टूनों की आड़ में तस्करी का नया तरीका सामने आया है।

पुलिस ने गांजा, वाहन और मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button