अन्तर्राष्ट्रीय

इस इलेक्ट्रॉनिक टूथब्रश से 10 सेकंड में साफ हो जाएंगे दांत

पूरे दांतों को साफ करने में काफी समय लगता है

इस साल के कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो 2019 में जिन चीजों को प्रदर्शित किया गया, वे आपके बाथरूम में क्रांति ला सकते हैं। सबसे पहले एलेक्सा इक्विप्ड कोहलर स्मार्ट टॉयलेट को प्रदर्शित किया गया, जिसने बडे़ पैमाने पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक ब्रश की भी काफी चर्चा हुई, जो महज 10 सेकंड में आपके दांतों को पूरी तरह से साफ कर सकता है।

साल 2018 का सबसे सफल किक स्टार्ट कैंपेन Y ब्रश है, जिसे ’10 सेकंड टूथब्रश’ के नाम से भी जाना जाता है। यह सोनिक वाइब्रेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर दांतों को साफ करता है। छोटे ब्रश को जहां आपको पूरे मुंह में घुमाना होता है। वहीं, उसकी जगह Y ब्रश में सिलिकॉन की ट्रे होती है, जिसमें नायलॉन के ब्रिस्टल्स 45 डिग्री के एंगल में लगे होते हैं। यह एक बार में आधे मुंह की सफाई करते हैं।

लिहाजा, आप यह पूछ सकते हैं कि डेंटिस्ट तो कहते हैं कि आपको कम से कम दो मिनट तक दांतों को साफ करना होता है। फिर 10 सेकंड में मुंह की सफाई कैसे हो सकती है। Y ब्रश को बनाने वाली फ्रेंच कंपनी का दावा है कि उसकी नई खोज ऑब्जर्वेशन पर आधारित है। स्टैंडर्ड टूथब्रश एक समय में दांतों के एक हिस्से की सफाई करता है, लिहाजा पूरे दांतों को साफ करने में काफी समय लगता है।

वहीं, Y ब्रश एक ही समय में पूरे दांतों की सफाई करता है। इसलिए पूरे मुंह की सफाई में महज 10 सेकंड का समय लगता है, पांच सेकंड में ऊपर के दांत और पांच सेकंड में नीचे के दांतों की सफाई हो जाती है। यह रेगुलर टूथब्रथ से चार गुना अधिक समय है और दांतों की सफाई में अधिक प्रभावी है। Y ब्रश अलग-अलग आकार में उपलब्ध है और हर किसी में अलग बाइब्रेशन की सेटिंग्स होती है।

कंपनी हर छह महीने में माउथपीस को बदलने की सलाह देती है। दांतों की सफाई के लिए आपको माउथपीस में टूथपेस्ट लगाकर मुंह में रहना होता है और मोटर को चालू करना होता है। नायलॉन के ब्रश के वाइब्रेट यानी कंपन करने के पांच सेकंड के बाद इसे हटाकर Y ब्रश को उलटकर इस प्रक्रिया को दोहराना होता है। हालांकि, इसकी कीमत फिलहाल काफी अधिक है। यह 125 डॉलर (8,679 रुपए) के प्रीऑर्डर पर आपको मिल सकता है। माना जा रहा है कि अप्रैल 2019 से यह बाजार में उपलब्ध होगा।

Related Articles

Back to top button