छत्तीसगढ़

निगम चुनाव में हमें अभूतपूर्व विजय मिलेगी : उसेण्डी

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि ‘दो निशान-दो विधान, दो प्रधान‘ के नारे के मुद्दे पर हम सब ने एक लंबी लड़ाई लड़ी है। इस लड़ाई का नतीजा अब धारा 370 के निष्प्रभावी होने के रूप में आया है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का स्वप्न था कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग हो। इस सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पूरा किया है इसके लिए हम सब की तरफ से उनका आभार व्यक्त करते हैं।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सक्रिय सदस्य प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि दशकों से इस बात की मांग थी कि कश्मीर से धारा 370 खत्म किया जाये लेकिन कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कश्मीर में धारा 370 लागू किया था। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लिए हमारी जो प्रतिबद्धता थी अब वो पूरा होने जा रहा है नये भारत के साथ हम नया कश्मीर गढ़ने जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि आगामी नगरीय-निकाय व पंचायतों की चुनाव में हमारी जीत सुनिश्चित हो इसके लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाए। कार्यकर्ता संकल्प भाव के साथ चुनावी समर में पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर जो प्रतिसाद हमें मिला है, वह सुकुन देने वाला है। पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान प्रगति पर है। अब सक्रिय सदस्य बनाने के अभियान में हम सब को जुटना होगा।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि सदस्यता महाअभियान से हमारी शक्ति को और मजबूती मिलेगी। इस कार्य के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता जिस तरह से लगे हैं, उसी तरह से आगे भी लगे रहें। सदस्यता अभियान को 20 अगस्त तक के लिए बढ़ाया गया है जिससे हमारा निर्धारित लक्ष्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि जितने अधिक सदस्य जुड़ेंगे उतना ही हमारा आधार समाज में मजबूत होगा। इसलिए हमें सदस्यता अभियान को और अधिक सफल बनाना होगा, हमारा जो लक्ष्य है उसे पूरा करने के साथ ही सक्रिय सदस्यता अभियान के लिए जुटना होगा।
20 अगस्त तक चलेगा सदस्यता अभियान
राजनांदगांव सांसद व सदस्यता प्रभारी संतोष पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने हम सब को सदस्यता का जो लक्ष्य दिया है, उसे पूरा करने के लिए 10 दिन का समय और शेष है। इस समय तक पूरे प्रदेश में करीब 10 लाख नये सदस्य बनाये गये हैं। इस अभियान के बाद हमें सक्रिय सदस्यता के लिए लगना होगा। सक्रिय सदस्यता अभियान प्रभारी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने सदस्यता अभियान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गिरधर गुप्ता ने किया। बैठक में पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज को श्रद्धांजली दी गई। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री डाॅ. सुभाऊराम कश्यप सहित प्रदेश भर से आये पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button