Chhattisgarh Cabinet Expansion: साय सरकार के कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज, रायपुर पहुंच रहे बड़े नेता, कौन बनेगा मंत्री?
Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में साय सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन अब तक इसे अमलीजामा नहीं...

08, April, 2025 | रायपुर। Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में साय सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन अब तक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया गया। ताजा जानकारी के मुताबिक, सरकार ने कैबिनेट विस्तार की पूरी तैयारी कर ली है और यह कभी भी हो सकता है। माना जा रहा है कि दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद अब कैबिनेट विस्तार की औपचारिक घोषणा जल्द ही हो सकती है।
रायपुर आ रहे बीजेपी के बड़े नेता
सूत्रों के अनुसार, भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नवीन आज रायपुर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि एक-दो दिनों में कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
8 अप्रैल को संगठन की अहम बैठक
सूत्रों की मानें तो 8 अप्रैल की सुबह शिवप्रकाश और नितिन नवीन रायपुर पहुंचकर प्रदेश भाजपा संगठन की बैठक लेंगे। इस बैठक में कैबिनेट विस्तार को लेकर गंभीर मंथन होने की संभावना है। हालांकि, भाजपा की ओर से इसे स्थापना दिवस की बैठक बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि असल मुद्दा कैबिनेट विस्तार ही है। बैठक के दौरान मंत्रियों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
किन नेताओं को मिल सकता है मंत्री पद?
अगर साय सरकार कैबिनेट विस्तार करती है, तो भाजपा के कुछ प्रमुख विधायकों को मंत्री पद मिल सकता है। इनमें अजय चंद्राकर, गजेंद्र यादव, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत और गोमती साय का नाम चर्चा में बना हुआ है।
कैबिनेट में बढ़ेंगे दो नए मंत्री?
छत्तीसगढ़ सरकार में कुल 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में 12 मंत्री थे, लेकिन बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद यह संख्या घटकर 11 रह गई। ऐसे में कैबिनेट विस्तार के जरिए दो नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि एक मंत्री बिलासपुर से और दूसरा रायपुर से चुना जा सकता है, क्योंकि इन जिलों का प्रतिनिधित्व कैबिनेट में अभी नहीं है।
जल्द हो सकती है घोषणा
भाजपा संगठन और प्रदेश नेतृत्व के बीच लगातार मंथन जारी है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही साय सरकार कैबिनेट विस्तार की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। अब देखना यह होगा कि कौन-कौन से नेता मंत्री पद की शपथ लेते हैं और सरकार की नई टीम कैसी होगी।