नवा रायपुर में ‘ई-ऑटो सेवा’ की शुरुआत, हरित परिवहन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में पर्यावरण हितैषी और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली ‘ई-ऑटो सेवा’ का शुभारंभ किया। इस योजना...

11, April, 2025 | रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में पर्यावरण हितैषी और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली ‘ई-ऑटो सेवा’ का शुभारंभ किया। इस योजना को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को सिर्फ एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का एक महत्वपूर्ण जरिया बताया। ई-ऑटो सेवा का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा, जिसमें तीन क्लस्टरों के 15 ग्राम संगठनों से 40 महिलाएं जुड़ी हैं। ये महिलाएं पेशेवर चालक के रूप में अपनी नई भूमिका निभाते हुए आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
ई-ऑटो सेवा की खासियत:
सेवा 130 किलोमीटर के दायरे में संचालित होगी।
यह आवासीय क्षेत्रों, कार्यालयों, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और जंगल सफारी को आपस में जोड़ेगी।
महिलाएं ‘लखपति दीदी योजना’ के तहत आर्थिक रूप से सशक्त होंगी।
यह सेवा किफायती, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह सेवा स्थानीय परिवहन का एक आदर्श मॉडल बनेगी, जिससे नवा रायपुर के नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और महिलाओं को आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।