Karregutta Operation: सीएम साय ने ली गृह विभाग की समीक्षा बैठक, जारी एंटी नक्सल ऑपेरशन का लिया अपडेट
Karregutta Operation: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा..
08, May, 2025 | रायपुर | Karregutta Operation: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ऑपरेशन के संदर्भ में भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर मुठभेड़: आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान शहीद, तीन घायल (अपडेट)
इसी बीच, छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबर है। सूत्रों के अनुसार, आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान शहीद हो गए हैं और तीन घायल हुए हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तेलंगाना के वेंकटपुरम और ईडमिली की पहाड़ियों पर माओवादियों और जवानों के बीच मुठभेड़ जारी है। तेलंगाना के मूलगु जिले के वाजेडु गांव में आईईडी ब्लास्ट हुआ है। जिस इलाके में ब्लास्ट हुआ है, वह छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से सटा हुआ है।
यह घटना 7 मई को बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद सामने आई है, जिसमें कई नक्सलियों को मार गिराया गया था।



