क्लबों में अब नहीं मिलेगी महिलाओं को फ्री एंट्री और शराब, SSP रायपुर का बड़ा फैसला
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्लब और बार कल्चर को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। अब किसी भी क्लब या बार में महिलाओं...

07, June, 2025 | रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्लब और बार कल्चर को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। अब किसी भी क्लब या बार में महिलाओं को फ्री एंट्री और मुफ्त शराब नहीं दी जाएगी। रायपुर एसएसपी ने क्लब और बार संचालकों के साथ बैठक कर इस पर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अगर किसी क्लब में यह नियम तोड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
महिलाओं को वीकेंड पर मुफ्त एंट्री और शराब परोसने पर बैन
SSP ने निर्देश में कहा है कि क्लबों को ‘फ्री एंट्री फॉर गर्ल्स’ जैसे ऑफर्स बंद करने होंगे। वीकेंड पार्टीज़ के नाम पर महिलाओं को फ्री में एंट्री देना और शराब परोसना अब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। SSP ने क्लब संचालकों से कहा कि वे सामाजिक माहौल को बिगाड़ने वाले किसी भी प्रमोशनल ऑफर से बचें और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखें।
यह निर्णय महादेव घाट में हाल ही में हुए लड़का-लड़की विवाद और मारपीट की घटना के बाद लिया गया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर प्रशासन तक सबको चौकन्ना कर दिया।
महादेव घाट में लड़के-लड़कियों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल
दरअसल शुक्रवार को रायपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुआ। वीडियो में लड़के और लड़कियों के बीच खुलेआम झगड़ा और मारपीट होती दिखाई दी। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के महादेव घाट की है। जहां पर लड़के-लड़कियों के दो गुटों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
पार्टी से लौट रही लड़कियों से की गई थी छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर और कोरबा से आई कुछ लड़कियां पार्टी कर वापस लौट रही थीं। उसी दौरान महादेव घाट पर मौजूद कुछ लड़कों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और फब्तियां कसीं। लड़कियों ने विरोध किया तो बात विवाद और फिर मारपीट तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़कों ने हमला किया तो लड़कियों ने भी आत्मरक्षा में पलटवार किया।
गंभीर रूप से घायल हुईं लड़कियां, एक की उंगली काटी
इस झगड़े में कुछ लड़कियों को गंभीर चोटें आईं। एक लड़की के हाथ की उंगली काट दी गई, जबकि अन्य लड़कियों को सिर और नाक में चोट लगी है। घायलों ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर कर रही है।
प्रशासन सख्त, क्लब कल्चर पर रहेगी पैनी नजर
इस पूरे घटनाक्रम के बाद SSP ने क्लब और बार संचालकों के साथ बैठक बुलाकर साफ किया कि अब महिला सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। क्लबों में मुफ्त शराब और फ्री एंट्री जैसी स्कीमें न केवल सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि अपराधों को भी बढ़ावा दे रही हैं।
अब प्रशासन की नजर सभी बार और क्लब पर होगी और अगर कोई संचालक इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



