Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून के फिर सक्रिय होने के संकेत, आज सभी जिलों में बारिश के आसार
Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो बस्तर संभाग से...
Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो बस्तर संभाग से मानसून आगे बढ़ सकता है और इसका असर आज यानी रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में देखने को मिल सकता है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज आंधी और भारी बारिश की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इधर, बीते शनिवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान दुर्ग में 25 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की स्थिति बन सकती है। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाके के पास समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में आज मौसम सुहाना बना रह सकता है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि 16 जून से राज्य भर में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है। इसके पहले, पिछले 24 घंटों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
राज्य के किसान और आम नागरिकों के लिए यह मौसम राहत लेकर आ सकता है, खासकर गर्मी से परेशान लोगों को अब कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार और प्रभाव पर नजर रखना जरूरी होगा।



