छत्तीसगढ़

CM साय ने दुलदुला को ₹3.45 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी, नगेराटुक्कू का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दुलदुला के हाट बाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में दुलदुला विकासखंड के लिए ₹3 करोड़ 45 हजार की लागत के विभिन्न विकासकार्यों का लोकार्पण...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दुलदुला के हाट बाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में दुलदुला विकासखंड के लिए ₹3 करोड़ 45 हजार की लागत के विभिन्न विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें ₹22.36 लाख की लागत से नवनिर्मित ग्रामीण हाट बाजार शेड का लोकार्पण और ₹2 करोड़ 78 लाख 9 हजार लागत के 10 अन्य कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि पर्यटन स्थल नगेराटुक्कू का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और डूमरडीह में कुम्हार समाज के लिए सांस्कृतिक मंडप का निर्माण भी होगा।

योग दिवस की शुभकामनाएं और नई योजनाओं की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और योग को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की, जिनके कारण संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस दिन को योग दिवस के रूप में मान्यता दी है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत मयूरचुंदी से दुलदुला तक बस सेवा शुरू करने की घोषणा की, साथ ही यह भी बताया कि दुलदुला में बस स्टैंड निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

‘मोदी की गारंटी’ पर तेजी से अमल

मुख्यमंत्री साय ने जोर दिया कि उनकी सरकार ‘मोदी की गारंटी’ को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत करने का उल्लेख किया। इसके अलावा, महतारी वंदन योजना से महिलाओं के सशक्तिकरण, तेंदूपत्ता का प्रति मानक बोरा ₹5500 करने और ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ के माध्यम से गांवों में बैंकिंग सुविधा मिलने जैसी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आगामी पंचायत दिवस को सभी ग्राम पंचायतों में अटल सुविधा केंद्र शुरू करने की योजना है। रजिस्ट्री प्रक्रिया में किए गए नवाचारों से इसे अधिक पारदर्शी, सरल, डिजिटल और नागरिक केंद्रित बनाया गया है।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख विकास कार्य:

मुख्यमंत्री ने जिन 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें शामिल हैं:

  • ₹1 करोड़ 21 लाख की लागत से नवीन भवन निर्माण हायर सेकेंडरी स्कूल, दुलदुला
  • ₹99.99 लाख की लागत से सर्वसुविधायुक्त सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य, दुलदुला
  • ₹10 लाख की लागत से पुलिया निर्माण कार्य जामनाला (ग्राम पंचायत सपघरा)।
  • ₹7.80 लाख की लागत से सी.सी. रोड निर्माण रेंगाबहार पहुंच मार्ग (ग्राम पंचायत चटकपुर)।
  • ₹7.80 लाख की लागत से सी.सी. रोड निर्माण कार्य लीलांबर घर के पास (ग्राम पंचायत करडेगा)।
  • ₹6.50 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य (ग्राम पंचायत सिरीमकेयहला)।
  • ₹5-5 लाख की लागत से अटल सुविधा केंद्र के लिए सी.एस.सी. भवन का निर्माण कार्य ग्राम पंचायत कोरना, ग्राम पंचायत डोभ, ग्राम पंचायत सपघरा, ग्राम पंचायत झरगांव और ग्राम पंचायत मयुरचूंदी में।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष दुलदला राजकुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button