CG BREAKING | बस्तर में विधायक पत्नी पर जानलेवा हमला …

जगदलपुर। बस्तर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनके दोनों हाथों की नसें कट गईं और गले पर भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला को सुबह 8 बजे महारानी अस्पताल लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ ने जब उनसे बातचीत करने की कोशिश की तो वह बोलने की स्थिति में नहीं थीं। उन्होंने कागज पर केवल एक शब्द लिखा “भतीजा”, जिसने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया।
इस समय यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हमला आत्मघाती प्रयास था या किसी साजिश का हिस्सा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश तो नहीं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस संभावित सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।



