RAIPUR | सिरफिरे ने पेट्रोल पंप में किया कांड

रायपुर. रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर बुधवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी, जिससे पाइप के साथ पेट्रोल भरवा रहे दोस्त की बाइक की टंकी में भी आग भड़क उठी।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक, बाइक सवार और पंप कर्मचारी जान बचाकर दूर भागे। समय रहते पंपकर्मी की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
क्या है पूरा मामला
उरला पुलिस के मुताबिक, रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा था, जबकि धर्मेंद्र पंप के पास खड़ा था। जैसे ही टंकी खोली गई, धर्मेंद्र ने सिगरेट जलाने की कोशिश की।
इमरान ने उसे धक्का देकर रोका, लेकिन इसी दौरान धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय नोजल पाइप में आग लगा दी। आग तुरंत फैल गई और पंप मशीन व बाइक की टंकी तक पहुंच गई।
पंपकर्मी की सूझबूझ से बची जान
आग फैलते ही पंप कर्मचारी ने तुरंत पाइप खींचा, जिससे जलता हुआ पेट्रोल धर्मेंद्र पर भी गिरा। इसके बाद कर्मचारी ने मेन स्विच से सप्लाई बंद की और फायर फाइटिंग किट की मदद से आग बुझा दी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।
दो आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पंप कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया। पंप मैनेजर की शिकायत पर उरला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उरला थाना प्रभारी रोहित माहेलकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



