CG VIRAL VIDEO ACTION | कथावाचक vs मंत्री… 15 लाख के भुगतान को लेकर छत्तीसगढ़ में बड़ा विवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक कथावाचक और मंत्री के बीच पैसों को लेकर बड़ा विवाद सामने आ गया है। कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने वीडियो जारी कर चेतावनी दी है कि अगर उनके पैसे नहीं मिले तो वे विधानसभा के बाहर आत्मदाह करेंगे।
महाराज का आरोप है कि मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनसे श्रीमद्भागवत कथा करवाई, लेकिन करीब 15 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया। उन्होंने कहा कि 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक अंबिकापुर के लखनपुर गांव में भव्य कथा का आयोजन हुआ था और उन्होंने पूरे कार्यक्रम में कथा वाचन किया था।
कथावाचक का कहना है कि जब भी वे पैसे मांगने जाते हैं तो उन्हें टाल दिया जाता है। अब उन्होंने अपना दर्द वीडियो में बताया है, जिसे कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।
वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई कथा आयोजन नहीं कराया। उनके मुताबिक डॉ. रामानुरागी महाराज ने संस्कृति विभाग में आयोजन के लिए आवेदन दिया था, जिस पर उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत रिमार्क किया था।
मंत्री का कहना है कि संस्कृति विभाग ने उस आवेदन को रिजेक्ट कर दिया था क्योंकि इस तरह के आयोजनों के लिए विभाग से भुगतान नहीं किया जाता। उनका आरोप है कि आवेदन रिजेक्ट होने के बाद अब कथावाचक उनसे पैसे मांग रहे हैं।
इस विवाद के बीच कांग्रेस ने भी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि एक तरफ सरकार बाहर के कथावाचकों को बुलाती है, वहीं छत्तीसगढ़ के कथावाचकों का पैसा तक नहीं दिया जा रहा।
अब यह मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है और कथावाचक की आत्मदाह की चेतावनी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।



