ANIMESH KUJUR RECORD | छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने रचा इतिहास, ग्रीस में 100 मीटर दौड़ में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड …

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को सिर्फ 10.18 सेकेंड में पूरा कर भारत का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पूरे प्रदेश में हर्ष की लहर है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अनिमेष को बधाई देते हुए लिखा कि, “यह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है। छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि युवा शक्ति के आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का प्रतीक है। प्रदेश को आप पर गर्व है।”
इससे पहले भी रचा था कीर्तिमान
इससे पहले अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
युवाओं के लिए प्रेरणा बने अनिमेष
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, “अनिमेष की ऐतिहासिक उपलब्धि हर युवा को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में यह उपलब्धि एक नया अध्याय जोड़ती है, जहां राज्य के युवा एथलीट अब विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।



