CHHATTISGARH | NHM कर्मचारियों की बड़ी जीत, 25 संविदा कर्मियों की सेवा बहाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत बर्खास्त किए गए संविदा कर्मचारियों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर NHM ने 25 संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा बहाली का आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल, ये सभी अधिकारी-कर्मचारी 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। आंदोलन के दौरान प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए इन्हें सेवा से पृथक कर दिया गया था। बाद में राज्य स्वास्थ्य समिति (कार्यकारिणी समिति) की बैठक और स्वास्थ्य विभाग के पत्राचार के आधार पर आंदोलन अवधि में की गई कार्रवाई को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
NHM ने साफ किया है कि इन 25 संविदा कर्मचारियों की जिला स्तर पर सेवा बहाली की जाएगी और उनकी कार्य उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इस संबंध में सभी संबंधित जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक निर्देश भेज दिए गए हैं।
सेवा बहाली का यह आदेश मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी किया गया है। फैसले के बाद संविदा कर्मचारियों में संतोष और राहत का माहौल है।
आदेश जारी होने के बाद NHM कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और मिशन संचालक का आभार जताया है। साथ ही आंदोलन में साथ देने वाले 16,500 NHM कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।



