CG BREAKING | खरसिया प्लांट में जोरदार धमाका, कई मजदूर झुलसे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। टायर रिसाइक्लिंग के दौरान बॉयलर में हुए जोरदार धमाके से प्लांट परिसर दहल उठा। हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें एक 9 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह मामला खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर इलाके का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक बॉयलर में विस्फोट हुआ, जिससे निकली आग और गर्म गैस की चपेट में आसपास काम कर रहे मजदूर आ गए। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कई लोग बुरी तरह झुलस चुके थे।
जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रायगढ़ लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं। 9 महीने के मासूम की हालत भी बेहद नाजुक बताई जा रही है। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन तैयार किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बॉयलर में दबाव बढ़ने या तकनीकी खामी के कारण यह विस्फोट हुआ। हालांकि, धमाके की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्लांट को सील कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्लांट में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।



