CG MURDER | ट्रिपल मर्डर से सनसनी …

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के झाल गांव में देर रात घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, पड़ोसियों के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में धारदार हथियार उठा लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
हमले में घायल दो लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं तीन मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।



