BREAKING NEWS | राज्यसभा दौड़ में फिर फूलोदेवी नेताम, कांग्रेस ने दोबारा दिया मौका

रायपुर, 4 मार्च। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए मौजूदा सांसद फूलोदेवी नेताम को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक होने के बीच पार्टी नेतृत्व ने तेजी से मंथन के बाद यह निर्णय लिया।

सूत्रों के मुताबिक दावेदारों में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और फूलोदेवी नेताम के नाम पर चर्चा हुई थी। संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए आखिरकार नेताम के नाम पर सहमति बनी।
घोषणा के बाद फूलोदेवी नेताम ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व ने समयसीमा को देखते हुए रणनीतिक तौर पर यह फैसला लिया है, ताकि नामांकन प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो। अब निगाहें दूसरी सीट पर पार्टी के अगले कदम पर टिकी हैं।



