CG NAXALI ENCOUNTER | 5 लाख का नक्सली ढेर

बस्तर। बस्तर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मार गिराया गया।
पुलिस के मुताबिक मारा गया माओवादी भैरमगढ़ एरिया कमेटी का ACM राजेश पुनेम था, जो लंबे समय से सक्रिय था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च को पुलिस को इनपुट मिला था कि थाना गीदम इलाके के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने हथियार और सामान छिपा रखा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर DSP राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों की टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई।
दोपहर में जवान इलाके में सर्चिंग कर रहे थे। रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 माओवादियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।
कुछ देर तक चली गोलीबारी के बाद माओवादी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। इसके बाद जब जवानों ने इलाके में सर्चिंग की तो एक माओवादी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई।
मौके से SLR रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन और बड़ी मात्रा में जिंदा और खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बल अब पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।



