RAILWAY ALERT | पुरी जाने वाली कई ट्रेनें मार्च-मई में प्रभावित,

रायपुर डेस्क। Puri Railway Station में प्लेटफॉर्म उन्नयन और यार्ड से जुड़े विकास कार्य शुरू होने जा रहे हैं। इसी वजह से मार्च, अप्रैल और मई के दौरान इस रूट पर चलने वाली कई बड़ी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों को पहले से अलर्ट करते हुए बताया है कि कई ट्रेनें अब पुरी तक नहीं जाएंगी, बल्कि बीच के स्टेशनों से ही चलेंगी और वहीं खत्म हो जाएंगी।
रेलवे के मुताबिक कुछ ट्रेनें अब Sakhigopal Railway Station और Birpurushottampur Railway Station से ही शुरू और समाप्त होंगी। यानी यात्रियों को पुरी तक पहुंचने के लिए बीच में अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ सकती है।
इसी बीच दक्षिण मध्य रेलवे के Rayanapadu Railway Station में यार्ड री-कंस्ट्रक्शन और नॉन-इंटरलॉकिंग काम की वजह से भी ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। इसके कारण 4 मई को चलने वाली Visakhapatnam–Hazrat Nizamuddin Swarna Jayanti Express अपने नियमित रूट के बजाय बदले हुए रास्ते से चलेगी।
यह ट्रेन अब विजयवाड़ा के रास्ते जाने के बजाय सिंगापुरम रोड, लखोली, दुर्ग और नागपुर होकर चलेगी। इसके चलते दुव्वाडा, सामलकोट, राजमंड्री, ताडेपल्लीगुडेम और एलुरु जैसे स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के मुताबिक इंदौर-पुरी, श्रीगंगानगर-पुरी, एलटीटी-पुरी, गांधीधाम-पुरी और वलसाड-पुरी जैसी कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी इन बदलावों से प्रभावित रहेंगी। इसलिए यात्रा से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।



