CG ED RAID | भाजपा नेता और ज्वेलर पर छापा, कई फर्मों के कागज खंगाले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज सुबह-सुबह ED की बड़ी कार्रवाई ने हलचल मचा दी। दुर्ग और बिलासपुर दो बड़े शहरों में एक साथ रेड हुई है।
दुर्ग में ‘अमर इंफ्रा’ के संचालक और भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के घर और दफ्तर पर ED की टीम ने दबिश दी। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने उनके कई फर्मों के वित्तीय दस्तावेज और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए।
टीम अलग-अलग गाड़ियों में पहुंची और एक साथ घर और ऑफिस दोनों जगह जांच शुरू की, जिससे इलाके में अचानक हलचल बढ़ गई।
वहीं बिलासपुर में भी ED की टीम ने बड़े सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और उनकी फर्म ‘श्री राम ज्वेलर्स’ पर छापा मारा। यहां 10 से ज्यादा अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस मामले के तार शराब घोटाले से जुड़े हो सकते हैं, क्योंकि कारोबारी के भाई का नाम पहले से ही इस केस में सामने आ चुका है।
फिलहाल दोनों जगहों पर जांच जारी है और ED दस्तावेजों की गहराई से पड़ताल कर रही है। आने वाले समय में इस कार्रवाई से और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



