CHHATTISGARH | हॉस्टल की 3 छात्राएं गर्भवती!

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित एक हायर सेकंडरी आवासीय स्कूल में पढ़ने वाली तीन छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। इनमें दो नाबालिग भी बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक छात्राओं के गर्भवती होने का पता चलने के बाद उन्हें करीब पांच महीने पहले ही आवासीय स्कूल से निकाल दिया गया था। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन छात्राओं के प्रेग्नेंसी कार्ड भी बनाए गए थे, जिससे संकेत मिलता है कि विभाग को उनकी स्थिति की जानकारी थी और स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। हालांकि यह जानकारी छात्रावास प्रबंधन तक किस तरह पहुंची, यह अभी साफ नहीं है।
जानकारी के अनुसार दो छात्राओं ने शनिवार को 12वीं कक्षा का अंतिम पेपर भी दिया, जबकि तीसरी छात्रा 11वीं में पढ़ती है।
मामले में छात्रावास अधीक्षिका का कहना है कि यह घटना उनके कार्यकाल की नहीं है और संबंधित छात्राएं लंबे समय से अनुपस्थित चल रही थीं। वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच के मुताबिक छात्राओं ने पोर्टा केबिन गंगालूर आवासीय संस्था में रहने की बात स्वीकार की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने छात्रावास की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि छात्राएं किन परिस्थितियों में गर्भवती हुईं और इसमें कौन जिम्मेदार है।



