CHHATTISGARH MATCH | CCPL में पैसों की बारिश!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 3 जून से छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन शुरू होने जा रहा है। इस बार मैदान पर सिर्फ चौके-छक्कों का रोमांच नहीं होगा, बल्कि स्टैंड में बैठे दर्शकों पर भी इनामों की बारिश होने वाली है।
CCPL-3 में छह टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी और कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीम को 15 लाख रुपए और रनर-अप को 11 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि दर्शकों के लिए भी 11 लाख रुपए तक के कैश और कई बड़े इनाम रखे गए हैं।
ओपनिंग मैच और फाइनल के दिन दो-दो व्हीकल जीतने का मौका मिलेगा। हर मुकाबले में लकी ड्रॉ निकाला जाएगा और टिकट रखने वाले दर्शकों को कैश प्राइज मिलेंगे।
इस बार CCPL पूरी तरह छत्तीसगढ़ी रंग में नजर आएगा। पहली बार मैचों की लाइव कमेंट्री छत्तीसगढ़ी भाषा में होगी। टूर्नामेंट की थीम भी “खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां” रखी गई है।
आयोजकों ने साफ किया है कि स्टेडियम में एंट्री पूरी तरह फ्री रहेगी, लेकिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग जरूरी होगी। 12 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 114 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। पहला मुकाबला रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा।
CCPL अब सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि IPL तक पहुंचने का बड़ा मंच बन चुका है। यही वजह है कि इस बार भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर राष्ट्रीय स्तर के स्काउट्स की नजर रहेगी।



