DELHI HOTEL FIRE | मालवीय नगर में भीषण आग, 21 की मौत

रायपुर डेस्क। दिल्ली के मालवीय नगर में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने 21 लोगों की जान ले ली। एक होटल/गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग देखते ही देखते मौत का जाल बन गई। धुएं और लपटों से घिरे लोगों के पास जान बचाने के लिए खिड़कियों और छतों से कूदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
हादसे के वायरल वीडियो में लोग खिड़कियों से नीचे कूदते और छत से गद्दों पर छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी फंसे लोगों की जान बचाने के लिए गली में गद्दे बिछा दिए थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 से ज्यादा घायल अस्पताल में भर्ती हैं। भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि होटल में सिर्फ एक सीढ़ी थी, जिसके कारण कई लोग बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। वहीं होटल के एक शेफ का दावा है कि इलेक्ट्रिक चूल्हे में धमाके के बाद आग फैली और कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच जारी है।


