hindi newsनेशनल

ETHANOL BASED VEHICLE | नितिन गडकरी ने दी मंजूरी, 100% इथेनॉल से दौड़ेंगी गाड़ियां

 

रायपुर। देश में ईंधन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब वो दिन दूर नहीं जब गाड़ियां पेट्रोल नहीं, बल्कि 100 फीसदी इथेनॉल (E100) से दौड़ती नजर आएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E100 ईंधन से चलने वाले वाहनों को कानूनी मंजूरी देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

गडकरी ने कहा कि पेट्रोल के विकल्प के रूप में इथेनॉल को बढ़ावा देने का उनका सपना अब तेजी से हकीकत बन रहा है। उन्होंने बताया कि एक प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी का 100% इथेनॉल से चलने वाला वाहन लॉन्च भी हो चुका है और अगले दो महीनों में कई बड़ी कंपनियां ऐसे वाहन बाजार में उतार सकती हैं।

नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने बताया कि सरकार ने E100 वाहनों के कानूनी उपयोग को मंजूरी दे दी है। इससे देश में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा मिलेगा और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी।

E100 ऐसा ईंधन है जिसमें लगभग पूरी मात्रा इथेनॉल की होती है। इसे गन्ने और अन्य जैविक स्रोतों से तैयार किया जाता है। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को फायदा होगा, विदेशी तेल पर खर्च कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

भारत पहले ही E20 लक्ष्य हासिल कर चुका है, जिसमें पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाता है। अब सरकार E85 और E100 जैसे हाई-इथेनॉल ईंधन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

ऑटोमोबाइल कंपनियां भी इस बदलाव के लिए तैयार दिख रही हैं। कई कंपनियां फ्लेक्स-फ्यूल और इथेनॉल आधारित तकनीक पर काम कर रही हैं। आने वाले समय में भारतीय सड़कों पर E100 से चलने वाली गाड़ियां आम हो सकती हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button