CHHATTISGARH ACB TRAP | फसल बीमा के नाम पर रिश्वत, दो अधिकारी गिरफ्तार!

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि फसल बीमा की राशि दिलाने के बदले किसानों से 75 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था। ट्रैप कार्रवाई के दौरान दोनों को 20 हजार रुपये लेते पकड़ा गया।
90 हजार रुपये की बीमा राशि का मामला
मामला आमाबेड़ा क्षेत्र का है। आलनार निवासी सगाऊ राम कोमरा ने एसीबी जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ ने नष्ट हुई फसल के बीमा प्रकरण को तैयार कर 90 हजार रुपये की राशि दिलाने के बदले 75 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने दोनों अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया। शिकायत का सत्यापन किए जाने पर आरोप सही पाए जाने के बाद 14 अक्टूबर को ट्रैप कार्रवाई की गई।
एसीबी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारी पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते पकड़े गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 और 12 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा।



