CG HOSPITAL ACTION | आयुष्मान में गड़बड़ी, 16 अस्पतालों पर कार्रवाई!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज में गड़बड़ी करने वाले 16 निजी अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 19 अस्पतालों की जांच कराई थी, जिसमें 16 में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं सामने आईं। सबसे ज्यादा 8 अस्पताल रायपुर के हैं।
जांच में मरीजों से इलाज के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने, बिना जरूरत भर्ती करने, गलत पैकेज कोड डालकर ज्यादा भुगतान लेने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसी गड़बड़ियां मिलीं।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 11 अस्पतालों में मरीजों से ज्यादा पैसे लेने, 7 में अनावश्यक भर्ती और 5 में गलत पैकेज कोडिंग के मामले सामने आए। वहीं, 6 अस्पतालों में एजेंटों के जरिए मरीज लाने और 2 में फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गड़बड़ी मिली।
कार्रवाई की जद में रायपुर के श्री अनंत साई, एसके केयर, श्री महावीर, श्रीनिवास, वरदान, सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, हेरिटेज और श्री रावतपुरा सरकार अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, बस्तर, कोंडागांव और कबीरधाम के अस्पतालों पर भी कार्रवाई हुई है।
वहीं, जांच में तीन अस्पतालों में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली। इनमें बिलासपुर का मेहता चिल्ड्रन नर्सिंग होम, रायपुर का विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा का डीएचटी अस्पताल शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, फिलहाल कार्रवाई आयुष्मान योजना के रजिस्ट्रेशन तक सीमित है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत जांच के लिए अलग टीम बनाई गई है। यानी इन अस्पतालों पर आगे भी कार्रवाई हो सकती है।



