CG RAID UPDATE | दुर्ग के होटल कारोबारी के ठिकानों पर ED की दबिश!

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED की कार्रवाई से दुर्ग में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को जांच एजेंसी की टीम होटल कारोबार से जुड़े एक कारोबारी के ठिकानों पर पहुंची। पुलगांव स्थित एक चर्चित बड़े होटल और सूर्य विहार स्थित बंगले पर जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि ED की टीम रोहन कुकरानी के आवास और कारोबारी ठिकानों पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रोहन कुकरानी पुलगांव स्थित होटल में मुख्य शेयरधारक हैं। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में भी उनका नाम सामने आने की बात कही जा रही है।
जांच टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों और संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, कार्रवाई के पीछे की विस्तृत वजह और ED को मिले इनपुट को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
महादेव सट्टा ऐप मामले में पहले भी प्रदेश के कई कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका जांच के दायरे में रही है। ऐसे में दुर्ग के होटल कारोबारी से जुड़े ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
फिलहाल जांच जारी है। ED की कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि होटल कारोबार से जुड़े इस कनेक्शन में जांच एजेंसी को क्या मिला है।



