CG RAID | CEO, बाबू और चपरासी ACB के जाल में फंसे ….

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की मंजूर राशि का चेक जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में जनपद पंचायत के CEO, बाबू और चपरासी को रंगे हाथों पकड़ा गया है।
मामला 12 लाख रुपए का चेक जारी करने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चेक जारी करने के बदले 2 लाख रुपए रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB बिलासपुर ने जाल बिछाया और कार्रवाई को अंजाम दिया।
ACB के मुताबिक, पहले 1 लाख रुपए की राशि ली जा चुकी थी। इसके बाद बाकी 1 लाख रुपए लेते समय जनपद पंचायत सक्ती के CEO निखिल कश्यप, सहायक ग्रेड-3 अविनाश ठाकुर और चपरासी लच्छन भानु को पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत पंचायत में विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपए मंजूर हुए थे। इनमें से 8 लाख रुपए का भुगतान हो चुका था, जबकि बाकी 12 लाख रुपए का चेक जारी होना था। इसी दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई।
ACB ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



