CHHATTISGARH | उप सचिव पर मंत्रालय में बवाल! जानिए क्या है मामला ….

रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें तत्काल मंत्रालय से हटाकर किसी दूरस्थ जिले में भेजने की मांग की है।
संघ का आरोप है कि पिछले पांच साल से एक ही संवेदनशील पद पर रहने के कारण उनकी कार्यशैली मनमानी हो गई है। कर्मचारी संगठन का दावा है कि उन्होंने अपने बैच के अधिकारियों को अहम विभागों में पोस्टिंग दिलाई और PWD का अतिरिक्त प्रभार भी खुद के आदेश से अपने पास रख लिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने वाले कर्मचारियों की प्रमोशन, पेंशन, ग्रेच्युटी और छुट्टी से जुड़ी फाइलों पर नकारात्मक टिप्पणियां कर उन्हें परेशान किया गया। साथ ही आउटसोर्सिंग के जरिए बाहरी लोगों की एंट्री कराने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है।
कर्मचारी संघ ने मुख्य सचिव को पत्र सौंपकर कहा है कि मंत्रालय में पारदर्शी और भयमुक्त माहौल बहाल करने के लिए उप सचिव का तत्काल तबादला किया जाए। फिलहाल ये कर्मचारी संघ के आरोप हैं, जिन पर संबंधित अधिकारी या सरकार की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



