CG PADDY PROCUREMENT CENTRES | 360 नए धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी, देखें लिस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी से पहले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो जाएगी। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से दो लाख से अधिक पंजीकृत किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नए केंद्रों का उद्देश्य किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने और खरीदी केंद्रों में घंटों इंतजार करने से राहत दिलाना है। इससे परिवहन खर्च भी कम होगा और खरीदी की व्यवस्था आसान बनेगी।
10 नवंबर से मिलेंगे टोकन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक होगी। किसानों को 10 नवंबर से टोकन मिलना शुरू होंगे। इसके लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेने की सुविधा दी जाएगी।
वहीं, खरीदी व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए 2 से 5 नवंबर तक समितियों में ट्रायल रन होगा। इस दौरान टोकन और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।
सरकार का दावा है कि नए केंद्र शुरू होने से पुराने केंद्रों पर भीड़ कम होगी। किसानों को नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी और तौल से लेकर दूसरी प्रक्रियाओं में लगने वाला समय भी घटेगा। अब नजर इस बात पर रहेगी कि नए केंद्र खरीदी शुरू होने तक कितनी जल्दी तैयार हो पाते हैं।



