CG BIG NEWS | बेमेतरा में बनेगी छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार ओपन जेल (खुली जेल) की शुरुआत होने जा रही है। राज्य सरकार ने बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में 10.20 हेक्टेयर भूमि पर ओपन जेल स्थापित करने का आदेश जारी कर दिया है। शुरुआती चरण में यहां उन कैदियों को रखा जाएगा, जो 13 साल से अधिक की सजा काट चुके हैं और जिनका आचरण संतोषजनक है।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ओपन जेल का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि कैदियों का सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भर बनाना है। यहां कैदियों को विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट कराया जाएगा, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
क्या होती है ओपन जेल?
ओपन जेल ऐसी व्यवस्था है, जहां कैदियों को ऊंची दीवारों और कड़ी सुरक्षा के बीच नहीं रखा जाता। अच्छे आचरण वाले कैदियों को सीमित निगरानी में रहने और काम करने का अवसर दिया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य उन्हें जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनाना है।
कैसे होगा कैदियों का चयन?
ओपन जेल में भेजे जाने वाले कैदियों का चयन जेल महानिदेशक (DG Jail) की अध्यक्षता वाली समिति करेगी। विभिन्न जेलों के अधीक्षक पात्र कैदियों के नाम समिति को भेजेंगे। जांच और समीक्षा के बाद योग्य पाए जाने वाले कैदियों को ओपन जेल में स्थानांतरित किया जाएगा।



