CHHATTISGARH | BJP में इस्तीफों का विस्फोट!

डोंगरगढ़. छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में भाजपा की अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की चर्चा हुई, अब पार्टी के 26 पदाधिकारियों और नेताओं ने भी प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है। इस्तीफा देने वालों ने संगठन में परिवारवाद, गुटबाजी और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफे में नेताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोटआना पर संगठन को कुछ लोगों तक सीमित रखने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फैसले जमीनी कार्यकर्ताओं की बजाय चुनिंदा लोगों के इशारे पर लिए जा रहे हैं, जिससे पार्टी के भीतर भारी नाराजगी है।
इस्तीफा देने वालों में पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी और अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया जैसे कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है।
लगातार हो रहे इस्तीफों ने डोंगरगढ़ भाजपा की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पार्टी इस बढ़ते असंतोष को कैसे संभालती है।



