MODI CABINET DECISIONS | मोदी कैबिनेट के 4 बड़े फैसले!

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में किसानों, खेल, ऊर्जा और देश की विकास योजनाओं से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी है। सरकार ने PM-KISAN योजना को अगले 5 साल के लिए बढ़ा दिया है, वहीं 5,000 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, नए स्वरूप में ‘खेलो इंडिया’ और ‘समुद्र मंथन’ योजना को भी मंजूरी दे दी गई है।
कैबिनेट ने PM-KISAN योजना को 2030-31 तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। पात्र किसानों को पहले की तरह हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में मिलती रहेगी।
इसके अलावा ‘प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना’ के तहत देशभर के जलाशयों पर 5,000 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। वहीं 36,441 करोड़ रुपये के बजट के साथ ‘खेलो इंडिया’ योजना को भी नया स्वरूप दिया गया है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिल सके।
ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने 84,084 करोड़ रुपये की ‘समुद्र मंथन’ योजना को भी मंजूरी दी है। इस योजना के जरिए समुद्र में तेल और प्राकृतिक गैस के नए भंडार खोजे जाएंगे, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।



