CG HEATWAVE COMPENSATION | सर्पदंश के बाद अब लू मुआवजे पर सवाल!

बिलासपुर। सर्पदंश मुआवजा घोटाले के बाद अब लू से मौत के मुआवजे को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विधानसभा में सामने आए सरकारी आंकड़ों ने पूरे मामले पर नई बहस छेड़ दी है।
2021 से 20 जून 2025 तक प्रदेश में लू से 93 मौतें दर्ज हुईं। इनमें 90 मामलों में मुआवजा बांटा गया, लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि 90 में से 85 मामले अकेले बिलासपुर संभाग के हैं। वहीं 45 मामले सिर्फ बिलासपुर जिले के बताए गए हैं।
यानी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में लू से हुई मौतों का करीब 95 फीसदी हिस्सा बिलासपुर संभाग से जुड़ा है। यही आंकड़े अब सर्पदंश मुआवजा घोटाले के बाद नए सवाल खड़े कर रहे हैं।
बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने इन मामलों की गहन जांच की मांग की है। वहीं कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 2024 में सबसे ज्यादा 45 मौतें दर्ज हुईं, जब प्रदेश में बीजेपी की सरकार थी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा है कि अगर लू मुआवजे में कोई संदिग्ध या अनियमित मामला सामने आता है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।



