CG FAKE TRANSFER ORDER | फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर का खेल! BJP नेताओं पर FIR
रायपुर। बलौदाबाजार के पलारी में कथित फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने BJP के जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनिराम पटेल, रवि कुमार सेन और ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन के खिलाफ FIR दर्ज कर चारों को गिरफ्तार किया है।
मामला एक कथित ट्रांसफर ऑर्डर से जुड़ा है, जिसमें करण देवांगन को रोहांसी से मोपर ट्रांसफर किए जाने की बात थी। जांच में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसा कोई आदेश जारी ही नहीं हुआ था और दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर भी संबंधित अधिकारी के नहीं थे।
पुलिस के मुताबिक, सरकारी अधिकारी के कथित फर्जी हस्ताक्षर से दस्तावेज तैयार कर उसे असली बताकर सरकारी कार्यालय में पेश किया गया। मामले में BNS की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामला सामने आने के बाद BJP ने भी अपने दो पदाधिकारियों को दायित्वों से मुक्त कर दिया है। अब पुलिस कथित फर्जी आदेश तैयार करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



