PM AWAS DEBATE | 15 सितंबर को महा-बहस? भूपेश ने स्वीकारी विजय की चुनौती!

रायपुर. छत्तीसगढ़ में PM आवास को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी अब सीधी बहस की चुनौती तक पहुंच गई है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को PM आवास के मुद्दे पर कहीं भी बहस करने की चुनौती दी थी। अब भूपेश बघेल ने इस चुनौती को स्वीकार कर लिया है।
विजय शर्मा ने कहा था कि PM आवास पर वे भूपेश बघेल से कहीं भी चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने बहस का विषय और मंच तय करने की जिम्मेदारी प्रेस क्लब पर छोड़ते हुए कहा था कि प्रेस क्लब जब कहेगा, वे बहस के लिए तैयार हैं।
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में सवा 11 लाख PM आवास पूरे हो चुके हैं और 2 लाख आवासों में गृहप्रवेश का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर अपनी नाकामी छिपाने के लिए बार-बार PM आवास का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया।
अब पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा है कि वे 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भी बहस के लिए तैयार हैं।
यानी PM आवास को लेकर चल रही सियासी खींचतान अब विजय शर्मा बनाम भूपेश बघेल की सीधी बहस तक पहुंचती दिख रही है। अब नजर 15 सितंबर की प्रस्तावित बहस पर है।



