RAIPUR CENTRAL JAIL | जेल के बाहर गांजा-नशीली गोलियां! मंगौड़ी सेंटर पर छापा

रायपुर। सेंट्रल जेल के बाहर चल रहे एक मंगौड़ी सेंटर पर कार्रवाई के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक जेल प्रशासन की टीम ने सेंटर पर दबिश दी, जहां से गांजा, नशीली गोलियां, तंबाकू और बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की बात सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई में करीब 400 पैकेट सितार गुटखा, गांजा, नशीली गोलियां, दो मोबाइल और करीब 70 से 72 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सेंटर जेल प्रहरी राजेश वर्मा से जुड़ा है। सूत्रों का दावा है कि यहां से नशीला सामान जेल के अंदर पहुंचाया जाता था। हालांकि, इस दावे की अभी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ऑनलाइन भुगतान कथित तौर पर राजेश वर्मा की बेटी के बैंक खाते में लिए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं एक अन्य जेल प्रहरी मन्नत पुरैना के पास से भी 15 पैकेट तंबाकू मिलने की जानकारी है।
कार्रवाई के बाद सेंटर करीब तीन दिन से बंद बताया जा रहा है। मामले में विभागीय कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब जेल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



