RAIPUR VISIT CANCELLED | CEC का रायपुर दौरा अचानक टला, आखिर क्यों?

रायपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा ऐन वक्त पर स्थगित कर दिया गया है। वे भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आने वाले थे। दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं, लेकिन कार्यक्रम से कुछ समय पहले ही इसे रोक दिया गया।
अचानक आया दौरा टलने का आदेश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय ने इस संबंध में राज्य सरकार के शिष्टाचार विभाग को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र में दौरा स्थगित करने के पीछे “अपरिहार्य कारणों” का हवाला दिया गया है।
हालांकि, इन अपरिहार्य कारणों की वजह क्या है, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। निर्वाचन आयोग की ओर से दौरे की नई तारीख भी अभी तय नहीं की गई है।
राज्य अतिथि का दर्जा भी मिला था
CEC ज्ञानेश कुमार के रायपुर दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रशासन पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। राज्य सरकार की ओर से उन्हें ‘राज्य अतिथि’ का दर्जा दिया गया था। इसके तहत उनके ठहरने, सुरक्षा और परिवहन से जुड़े विशेष प्रोटोकॉल की व्यवस्था की गई थी।
मंगलवार को राज्य के शिष्टाचार अधिकारी की ओर से भी दौरे को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। अधिकारियों और प्रशासनिक अमले की तैयारियां चल ही रही थीं कि कुछ घंटों बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से दौरा स्थगित किए जाने की सूचना दे दी गई।
मतदाता सूची को लेकर पहले से चर्चा
CEC का यह दौरा ऐसे समय टला है, जब देशभर में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसे लेकर राजनीतिक स्तर पर भी काफी चर्चा चल रही है।
हालांकि, छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित होने और इन राजनीतिक विवादों के बीच कोई सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। निर्वाचन कार्यालय ने फिलहाल सिर्फ अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का अगला रायपुर दौरा कब तय होता है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली से नया कार्यक्रम मिलने के बाद ही इसकी जानकारी राज्य को दी जाएगी।
देखें आदेश –




