CHHATTISGARH | बोनस की बंपर बारिश, बाजार में आने वाला है बड़ा उछाल

रायपुर। दीपावली और नवरात्रि से पहले छत्तीसगढ़ के बाजारों में इस बार पैसों की बड़ी आमद होने जा रही है। बीएसपी, एसईसीएल समेत कोयला कंपनियों, जिंदल, अदानी पावर और दूसरे स्टील-पावर उद्योगों के कर्मचारियों को बोनस, एक्स-ग्रेसिया और पीएलआर की रकम मिलने वाली है। इससे प्रदेश के प्रमुख बाजारों में त्योहारी कारोबार को बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद है।
अकेले कोयला कर्मियों को 110250 रुपये
एसईसीएल की छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की खदानों में काम करने वाले करीब 1.93 लाख कर्मचारियों को इस बार प्रति कर्मचारी 1,10,250 रुपये पीएलआर मिलेगा। यह राशि पिछले साल के मुकाबले 7,250 रुपये ज्यादा है। भुगतान 15 अक्टूबर को किए जाने की बात कही गई है। इससे कोरबा, बिलासपुर और रायगढ़ जैसे कोयला क्षेत्रों के बाजारों में बड़ी खरीदारी की उम्मीद है।
बीएसपी से भी करोड़ों बाजार में
भिलाई स्टील प्लांट के करीब 10 हजार नियमित कर्मचारियों और नंदिनी-राजहरा माइंस के कर्मचारियों को एक्स-ग्रेसिया के तौर पर लगभग 32 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। वहीं बीएसपी के करीब 27 हजार ठेका श्रमिकों के खातों में औसतन 10 हजार रुपये के हिसाब से करीब 27 करोड़ रुपये पहुंचेंगे।
भिलाई-दुर्ग के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों श्रमिकों को भी बोनस मिलेगा। रेलवे और दूसरे सरकारी प्रतिष्ठानों की बोनस राशि जुड़ने से संभाग के बाजारों में बड़ी रकम आने की संभावना है।
ऑटो-ज्वेलरी से रियल एस्टेट तक असर
रायगढ़, रायपुर और बिलासपुर में जिंदल, अदानी पावर, बाल्को और दूसरे उद्योगों के कर्मचारी भी बोनस का इंतजार कर रहे हैं। बाजार में इसका असर ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, कपड़ा और रियल एस्टेट सेक्टर में दिखाई देने की उम्मीद है।
व्यापार जगत को इस त्योहारी सीजन में पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर कारोबार की उम्मीद है। नवरात्रि से छठ तक प्रदेश में 3 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबार का अनुमान जताया जा रहा है।



